विवेक कुमार यादव । ब्युरो । बिहार/झारखंड ।
दानापुर:
दानापुर रेल मंडल यात्रियों के साथ-साथ रेल कर्मचारियों की सुविधा और कार्य-परिस्थितियों को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में मंडल प्रशासन द्वारा एक सराहनीय कदम उठाते हुए निर्णय लिया गया है कि मंडल के सभी 104 स्टेशनों के स्टेशन मास्टर कक्ष एवं पैनल रूम को पूर्णतः वातानुकूलित (एसी युक्त) किया जाएगा।
ग्लोबल वार्मिंग और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए यह कदम स्टेशन मास्टर एवं उनके सहयोगी कर्मचारियों की स्वास्थ्य रक्षा, सुविधा, और कार्य दक्षता को बनाए रखने हेतु महत्वपूर्ण है। एसी युक्त कक्षों में न केवल कर्मचारियों को गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि उच्च कोटि के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के संचालन में भी सुविधा होगी।
वर्तमान में 7 स्टेशनों – आरा, गिद्धौर, वंशीपुर, नदौल, नदवाँ, हाथीदह जंक्शन एवं पंडारक – पर यह सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। अन्य स्टेशनों पर कार्य जल्द शुरू करने हेतु टेंडर की प्रक्रिया प्रगति पर है।
इस महत्त्वपूर्ण निर्णय पर ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स संगठन (एस्मा) के प्रतिनिधिमंडल ने 30 मई 2025 को पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दानापुर मंडल रेल प्रबंधक श्री जयंत कुमार चौधरी, मंडल एवं मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। रेल मंडल का यह निर्णय कर्मचारियों की कार्यस्थल पर गुणवत्ता पूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रशंसनीय पहल है, जिससे रेल सेवाओं की दक्षता और विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।








