April 11, 2025 2:24 am

Search
Close this search box.

मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में की समीक्षा बैठक।समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने की कई महत्वपूर्ण घोषणायें।

रेपोर्ट- विवेक कुमार यादव, बिहार/ झारखंड, स्टेट हेड 

पटना, 05 जनवरी 2025 प्रगति यात्रा के दूसरे चरण में आज मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में मुजफ्फपुर समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में समीक्षात्मक बैठक की। इस समीक्षात्मक बैठक में मुजफ्फरपुर जिला के जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुजफ्फरपुर जिले के विकास कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा कार्यक्रम, हर घर नल का जल एवं उनका अनुरक्षण, हर घर तक पक्की गली-नाली, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, हर खेत तक सिंचाई का पानी, कृषि फीडर का निर्माण, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत कनेक्शन योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, उच्चतर शिक्षा हेतु महिलाओं को प्रोत्साहन, स्वास्थ्य उपकेंद्र में टेली मेडिसिन के माध्यम से चिकित्सा परामर्श, पशु चिकित्सा सेवाओं की डोर स्टेप डिलीवरी एवं पंचायत सरकार भवन के निर्माण की अद्यतन स्थिति के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा हर पंचायत में 10+2 विद्यालय, ग्राम पंचायत, नगर पंचायत में खेल-कूद को बढ़ावा देने हेतु स्पोर्ट्स क्लब का गठन, प्रत्येक पंचायत में खेल का मैदान, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष), मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों का गठन, राजस्व प्रशासन में पारदर्शिता, दाखिल खारिज / परिमार्जन/परिमार्जन प्लस एवं जल-जीवन-हरियाली के तहत जीर्णोद्धार कराए गए सार्वजनिक कुओं, पोखर तथा तालाबों की अद्यतन स्थिति के संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं भी रखीं।

समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां उपस्थित सभी जन प्रतिनिधियों का मैं स्वागत करता हूं। आज मैंने कई जगहों पर जाकर विकास कार्यों को देखा है, लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं से भी अवगत हुआ हूं। काफी अच्छा काम हो रहा है। इस बैठक में आप सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं हैं। 24 नवंबर, 2005 से बिहार के लोगों ने हमलोगों को काम करने का मौका दिया। उस समय से हमलोग बिहार के विकास के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। सभी क्षेत्रों और सभी वर्गों के लिए लगातार विकास का काम किया जा रहा है। वर्ष 2005 से पहले बिहार की हालत काफी खराब थी। शाम के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकलने में डरते थे। अस्पतालों में इलाज का इंतजाम नहीं था, सड़कें जर्जर थीं। शिक्षा की हालत ठीक नहीं थी। प्रायः हिन्दू-मुस्लिम के बीच विवाद की खबरें आती थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बिहार के लोगों ने हमलोगों को काम करने का मौका दिया, तब से बिहार की स्थिति काफी बदली है। हर क्षेत्र में निरंतर विकास के काम किए जा रहे हैं। किसी की उपेक्षा नहीं की गई है। हमलोग एकजुट रहकर बिहार को आगे बढ़ा रहे हैं। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के सरकार में हम दो बार मंत्री रहे हैं। उन्होंने ही हमें बिहार का मुख्यमंत्री बनवाया। हम दो बार गलती से उघर चले गए थे। अब ऐसा नहीं होगा। हमलोगों ने जो विकास का काम किया है उन्हें आप सभी अपने-अपने क्षेत्र के लोगों को बताएं। हमलोगों को काम करने में यकीन है, जबकि कुछ लोग गड़बड़ करने में विश्वास रखते हैं। आज कल अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2006 से हमलोगों ने कब्रिस्तानों की घेराबंदी शुरू कराई। अब तक 8 हजार से अधिक कब्रिस्तानों की घेराबंदी करा दी गई है। शेष कब्रिस्तानों की घेराबंदी का काम भी जल्द पूरा हो जाएगा। हमलोगों ने देखा कि हिन्दू मंदिरों से मूर्ति चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इसको देखते हुए 60 वर्ष से अधिक पुराने मंदिरों की चहारदीवारी के निर्माण का काम शुरू कराया गया ताकि मंदिरों में चोरी की घटनाएं न हों। संपूर्ण बिहार में विकास का काम हमलोग करा रहे हैं। बिहार का कोई भी इलाका विकास से अछूता नहीं है। हमलोगों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया के निर्माण का काम बड़े पैमाने पर कराया है, जिसके कारण बिहार के किसी भी कोने से पहले 6 घंटे में लोग पटना पहुंचते थे, अब उसे घटाकर 5 घंटा किया गया है। इसके लिए हर प्रकार से काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2006 से हमलोगों ने सरकारी विद्यालयों में पढ़नेवाले बच्चों के लिए पोशाक योजना की शुरुआत कराई। उसके बाद वर्ष 2009 से लड़कियों के लिए साइकिल योजना, वर्ष 2010 से लड़कों के लिए भी साइकिल योजना, बड़े पैमाने पर नियोजित शिक्षकों की बहाली, स्कूल भवनों का निर्माण कराकर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाने का प्रयास किया गया है। लड़‌कियों को जब साइकिल दी गई तो वे स्कूल समय पर जाने लगीं और साथ ही शाम में अपने माता-पिता को भी बाजार ले जाती हैं। नियोजित शिक्षकों को परीक्षा के माध्यम से सरकारी मान्यता प्रदान की जा रही है।

पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक माह में सिर्फ 39 मरीज इलाज कराने जाते थे। हमलोगों ने वर्ष 2006 से सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क दवा वितरण का काम शुरू कराया। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 1 माह में औसतन 11 हजार से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं। पहले बिहार में सिर्फ 6 सरकारी मेडिकल कॉलेज थे। अब उनकी संख्या बढ़कर 11 हो गई है। हमलोग हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करा रहे हैं। सात निश्चय योजना के माध्यम से वर्ष 2020 तक हर घर नल का जल, हर घर तक पक्की गली एवं नाली का निर्माण, हर घर शौचालय, हर घर तक बिजली का कनेक्शन, हर टोले तक पक्की सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों तक पहुंचा दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जिसके बाद अब तक 4 चुनाव सम्पन्न हो चुका है। बड़ी संख्या में महिलाएं चुनकर आई हैं। हमलोगों ने महिलाओं के उत्थान के लिए हर प्रकार से काम किया है। वर्ष 2013 में पुलिस की बहाली में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जिसका नतीजा है कि बिहार पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी काफी बढ़ी है। आज बिहार पुलिस में महिलाओं की जितनी संख्या है उतना देश के किसी राज्य के पुलिस बल में नहीं है। वर्ष 2016 से हमलोगों ने सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण देना शुरू किया है। पहले बिहार में स्वयं सहायता समूहों की संख्या काफी कम थी। हमलोगों ने वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ाने का काम शुरू किया। बिहार में अब स्वयं सहायता समूहों की संख्या 10 लाख 61 हजार हो गई है जिनसे 1 करोड़ 31 लाख जीविका दीदियां जुड़ी हैं। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं का नाम जीविका दीदी हमलोगों ने ही दिया है, जिससे प्रेरित होकर उस समय की केंद्र

सरकार ने भी इसे अपनाया और उसका नाम आजीविका दिया। बिहार के शहरी क्षेत्रों में भी स्वयं सहायता समूहों का गठन शुरू कराया गया है, जिनमें अब तक 26 हजार जीविका दीदियां जुड़ी हैं। 2005 के पहले महिलाएं घर से बाहर नहीं निकलती थीं। वहीं अब स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं काफी अच्छा काम कर रही हैं। इससे परिवार की न सिर्फ आमदनी बढ़ी है बल्कि समाज में महिलाओं की इज्जत भी काफी बढ़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय योजना-2 के तहत हमलोगों ने 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे बढ़ाकर 12 लाख किया गया है। अब तक 9 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दे दी गई है। इसके अलावा 10 लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। अब तक 24 लाख लोगों को रोजगार मुहैया कराया गया है। वर्ष 2025 में 12 लाख लोगों को सरकारी नौकरी तथा 34 लाख लोगों को रोजगार मुहैया करा दिया जाएगा। हमलोगों ने सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम किया है। मदरसों को सरकारी मान्यता दी गई है। सरकारी शिक्षकों के सामान मदरसा शिक्षकों को भी वेतन दिया जा रहा है। हमलोगों ने सभी पार्टियों के साथ बैठक कर बिहार में जाति आधारित गणना कराने का फैसला लिया। उसके बाद बिहार में जाति आधारित गणना कराई गई जिसमें 94 लाख गरीब परिवारों को चिहिन्त किया गया, जो हर जाति-धर्म से जुड़े हैं। ऐसे गरीब परिवारों को प्रति परिवार 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है ताकि वे अपना जीविकोपार्जन कर सकें। इस बैठक में भी जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं बताई हैं, उनको भी अधिकारियों ने नोट कर लिया है। सभी समस्याओं का समाधान पूरी तत्परता से किया जाएगा। जो भी विकास कार्य बचे हुए हैं उनको त्वरित गति से पूर्ण किया जाएगा। हम लोगों की सेवा करते हैं। हम हमेशा राज्य के विकास के कार्यों में लगे रहते हैं। हम किसी के साथ भेदभाव नहीं करते हैं। हम सब मिलकर बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे। अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यहां जनप्रतिनिधियों ने जो भी समस्याएं रखी हैं, उनका जल्द से जल्द निराकरण करें। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर जिले में सब तरह से विकास का काम कराया गया है लेकिन हमें जानकारी मिली है कि मुजफ्फरपुर शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। इसके निराकरण की दिशा में निर्णय लिया जा चुका है।

मुजफ्फरपुर जिले के लोगों की मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणाएं-

मुजफ्फरपुर के पूर्वी भाग में रिंग रोड का निर्माण कराया जायेगा। इससे जाम की समस्या दूर होने के साथ-साथ सीतामढ़ी, दरभंगा एवं नये राष्ट्रीय उच्च पथ-527 (सी०) की ओर जाने में समय की काफी बचत होगी।

रामदयालु चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए गोबरसही एवं रामदयालु नगर में रेलवे क्रॉसिंग पर आर०ओ०बी० का शीघ्र निर्माण कराया जायेगा। साथ ही मधौल-रामदयालु पथ का चौड़ीकरण भी किया जायेगा।

सबहा चौक से मरीचा तक पथ का निर्माण कराया जायेगा। यह पथ बहुत ही महत्वपूर्ण है।

चांदनी चौक से बखरी रोड बाईपास सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जायेगा।

चांदनी चौक से भगवानपुर चौक तक पुल सहित सड़क का चौड़ीकरण किया जायेगा। साथ ही मुजफ्फरपुर जिले में कई सड़कों का निर्माण कराया जायेगा।

चंदवारा पुल के पहुंच पथ का निर्माण कराया जायेगा।

गायघाट प्रखंड के भटगामा से मधुरपट्टी घाट पर पुल का निर्माण कराया जायेगा।

औराई प्रखंड के घनश्यामपुर पंचायत अंतर्गत तकिया टोला एवं मथुरापुर पंचायत के सुन्दरखौली में तीन पुलों का निर्माण कराया जायेगा।

बंदरा प्रखंड अंतर्गत बड़गांव से शंकरपुर तक पथ का निर्माण कराया जायेगा।

मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैण्ड का नाम अमर शहीद बैकुण्ठ शुक्ल के नाम पर किया जायेगा।

इन सब कामों को करा दिया जायेगा और इसके अतिरिक्त मुजफ्फरपुर जिले में और कोई भी जरूरत होगी, उसको भी कराया जायेगा।

सरकार लगातार काम कर रही है और हर क्षेत्र में विकास का काम हो रहा है, आगे और तेजी से काम होगा। इसके लिए आप सबको बधाई एवं धन्यवाद देता हूं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सह मुजफ्फपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री श्री राजभूषण चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, पंचायती राज मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक श्री रामसूरत राय, विधायक श्री अशोक कुमार चौधरी, विधायक श्री अशोक कुमार सिंह, विधायक श्री बिजेंद्र चौधरी, विधायक श्री राजू कुमार सिंह, विधान पार्षद श्री दिनेश सिंह, विधान पार्षद श्री संजय कुमार सिंह, विधान पार्षद श्री वंशीधर ब्रजवाशी, विकास आयुक्त श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय श्री कुंदन कृष्णन, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव / सचिव, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त श्री सरवनन एम०, पुलिस उप महानिरीक्षक मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र श्री चंदन कुमार कुशवाहा, जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

htnnews24x7@
Author: htnnews24x7@

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

What does "money" mean to you?
  • Add your answer

1. Join as an active journalist.
2. Apply for htn news samadhan kendra.
3. Public grievance.
4. Apply for RTI.
6. Apply for a diploma in journalism from htn news channel.
7. Admission portal in India and abroad.
8. Careers.
9. htn legal samadhan.
10. Know your police station contacts.
11. File your ITR.
12. Htn स्वच्छ भारत अभियान.
13. Htn गंगा सफाई मिशन.
14. Htn स्वदेसी.
15. धर्म सनातन क्रांति.
16. Log in
17. Join as a franchise.

HTN NEWS 24X7 के राष्ट्रवादी पत्रकारिता को सहयोग करे