विवेक कुमार यादव । ब्युरो । बिहार/झारखंड ।
- मोदी सरकार की सभी योजनाओं के केंद्र बिंदु गरीब रहे हैं: अर्जुन राम मेघवाल
- यह 11 साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहे: अर्जुन राम मेघवाल
- इस कालखंड में विरासत और विकास का संगम भी दिखा : अर्जुन राम मेघवाल
पटना: भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने नरेंद्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर यहां कहा कि इस सरकार के आने के बाद योजनाओं की स्केल बदली और स्पीड बदली। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि पहले योजनाएं नहीं थीं, पहले भी योजनाएं थीं।
उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उदाहरण के तौर पर कहा कि पहले भी आवास बनाने की योजना थी, राशि कम होती थी और समय ज्यादा लगता था। जब इस सरकार में प्रधानमंत्री आवास योजना आई तो राशि बढ़ गई, स्केल बढ़ गया और उसके पूरा होने का समय भी कम हो गया। योजनाओं में स्केल और स्पीड बनाने वाली यह सरकार रही।
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी योजना की स्थिति ऐसी ही रही। सभी योजनाओं के केंद्र बिंदु गरीब रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की कोई भी योजना को उठा लें, उसमें गरीबों का कल्याण समाहित है। इन 11 सालों में आंकड़े बता रहे हैं कि 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने सड़क योजना की चर्चा करते हुए कहा कि सड़क योजना पहले भी होती थी। आधारभूत संरचनाओं का विकास भी तेजी से बढ़ा। गरीब लोग आज हवाई यात्रा करने लगे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सारी योजनाओं का सार यही है कि मोदी सरकार ने योजनाओं का स्केल बढ़ाया और स्पीड बदली।
उन्होंने कहा कि सारे निर्णय देश के हित में लिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि इन 11 सालों में कार्यपद्धति बदली है। पहले शिलान्यास होते थे लेकिन उद्घाटन कब होता था, पता नहीं होता था। इस दौर में पीएम मोदी ही योजनाओं का शिलान्यास करते हैं और उसका उद्घाटन भी वही करते हैं। योजनाओं की मॉनिटरिंग भी की गई।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कालखंड में ही जीएसटी जैसी संस्था का जन्म हुआ और उसका विकास हुआ। यह फेडरल स्ट्रक्चर का बेहतरीन नमूना है। इससे पहले किसी राज्य के लिए निर्णय बहुमत से नहीं होते थे। इसी तरह नीति आयोग लाना और उसके अनुसार नीतियां बनाना यह बड़ा परिवर्तन है।
इस सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिए भी योजनाएं चलाईं। महिला आरक्षण विधेयक भी इसी कालखंड में पास हुआ। विरासत और विकास का संगम भी इसी कालखंड में हुआ। धारा 370 भी इसी दौर में हटी तो राम मंदिर का निर्माण भी इसी कालखंड की देन है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि दुनिया में आज हम चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। इस दौर में हमने कोविड का दौर भी देखा। इसके बाद दुनिया के कई देश अर्थव्यवस्था चरमरा गए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की जो सटीक निर्णय की क्षमता है, यह उसका परिणाम है। यह 11 साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित है।
इस प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, महामंत्री राधामोहन शर्मा, महामंत्री लाजवंती झा और प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल भी उपस्थित रहे।
