रिपोर्ट- जुगल सिंह सोलंकी । राजस्थान
मेड़तासिटी: पादूकलां कस्बे स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय (गुर्जर वाली नाडी) में सुप्रीम फाउंडेशन द्वारा संचालित उपचारात्मक शिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण बुधवार को विद्यालय के प्रधान हरिप्रसाद शर्मा ने किया।
निरीक्षण के दौरान प्रधान ने छात्र-छात्राओं की नोटबुक का अवलोकन किया, उनकी गतिविधियों को ध्यानपूर्वक देखा, और मौखिक प्रश्नों के माध्यम से उनकी समझ का मूल्यांकन किया। उन्होंने कहा कि यह शिक्षण नवाचार बच्चों के प्रदर्शन में स्पष्ट सुधार ला रहा है। शिक्षकों की कार्यशैली में भी सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
प्रधान ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अधिक लेखन अभ्यास करने और सीखने के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने सुप्रीम फाउंडेशन के इस प्रयास को सफल और सराहनीय बताया। साथ ही यह भी कहा कि यह संस्था शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रही है।
निरीक्षण के समापन पर प्रधान हरिप्रसाद शर्मा ने मुख्य समन्वयक श्याम बाबू, समन्वयक विष्णु शर्मा, तथा कार्यक्रम से जुड़े सभी स्वयंसेवकों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर स्वयंसेवक सुशील शर्मा और सरोज छाबा भी उपस्थित रहे।








